जो लोग मेरे अकाउंट को नियमित रूप से फॉलो करते हैं, वे जानते होंगे कि निर्मल वर्मा मेरे लिए सिर्फ़ एक लेखक नहीं, बल्कि एक ऐसी संवेदनात्मक जगह हैं जहाँ मैं बार-बार लौटता हूँ। उनकी कहानियाँ जीवन को समझाने या सुलझाने का दावा नहीं करतीं; वे जीवन को उसकी पूरी जटिलता, चुप्पी और अधूरेपन के साथ स्वीकार करती हैं। उनके यहाँ करुणा है, लेकिन आत्मदया नहीं और शायद यही परिपक्व संवेदना उन्हें अलग बनाती है। बीच बहस में चार कहानियों का संग्रह है: छुट्टियों के बाद, वीकएंड, दो घर और बीच बहस में, और ये चारों मिलकर आधुनिक मनुष्य के रिश्तों, स्मृति और अस्तित्वगत अकेलेपन का गहन चित्र रचती हैं। यह संग्रह कथानक से ज़्यादा उस मानसिक अवस्था पर टिकता है, जहाँ मनुष्य अपने जीवन को पीछे मुड़कर देखता है और अपने ही प्रश्नों के बीच खड़ा रह जाता है।
इस संग्रह में मेरी सबसे प्रिय कहानी “वीकएंड” रही। यह एक ऐसी स्त्री की कथा है जो हर सप्ताहांत उस पुरुष का इंतज़ार करती है, जिसका एक अलग पारिवारिक संसार है। यहाँ प्रेम किसी आदर्श या रोमांटिक कल्पना की तरह नहीं, बल्कि सीमित, अस्थिर और अक्सर पीड़ादायक अनुभव की तरह सामने आता है, जहाँ प्रतीक्षा ही रिश्ते का स्थायी भाव बन जाती है।
“छुट्टियों के बाद” एक सगाईशुदा युवती, मार्था, की कहानी है, जो छुट्टियों के दौरान पेरिस में एक दूसरी ही संभावित ज़िंदगी को छू लेती है। उन्हीं छुट्टियों के बीच वह अपनी सगाई की अंगूठी उतार देती है। पूरी कहानी एक ट्रेन यात्रा में आगे बढ़ती है, और जैसे ही ट्रेन बेसल के पास पहुँचती है, मार्था वही अंगूठी फिर से पहन लेती है,जहाँ उसका मंगेतर उसका इंतज़ार कर रहा होता है। यह कहानी बहुत शांति से यह सवाल उठाती है कि क्या छुट्टियों के बाद सचमुच कोई नई ज़िंदगी शुरू की जा सकती है, या वह स्वतंत्रता सिर्फ़ एक अस्थायी विराम होती है।
शीर्षक कहानी “बीच बहस में” पिता और पुत्र के संबंध की अत्यंत मार्मिक कथा है। अस्पताल, बीमारी और मृत्यु के बीच घटती यह कहानी किसी नाटकीय अंत की ओर नहीं बढ़ती, बल्कि बेटे के भीतर चलती स्मृतियों, अपराधबोध और अधूरे संवादों की एक लंबी, थकी हुई बहस बन जाती है I
“दो घर” एक ऐसे व्यक्ति की त्रासदी है, जिसके दो परिवार और दो घर हैं; एक कोलकाता में और दूसरा विदेश में। अंततः उसका घर छोड़ देना और फिर उसकी मृत्यु, किसी सनसनी की तरह नहीं, बल्कि विभाजित जीवन की स्वाभाविक परिणति की तरह सामने आती है।
समग्र रूप में, बीच बहस में एक ऐसा संग्रह है जो पाठक से धैर्य और संवेदनशीलता की माँग करता है। यह किताब आपको जवाब नहीं देती, बल्कि आपको आपकी ही ज़िंदगी की अधूरी बहसों के सामने बैठा देती है। शायद इसी वजह से निर्मल वर्मा को पढ़ना हर बार थोड़ा असहज करता है, और ठीक उसी असहजता में उनकी सबसे बड़ी सच्चाई छिपी है।